LeT मॉड्यूल का भंडाफोड़, कश्मीर से कन्याकुमारी तक हमले की थी तैयारी; अबु हुरैरा समेत 5 आतंकी गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक अतरराज्यीय टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, जिसमें दो पाकिस्तानी आतंकवादियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह ऑपरेशन एक बड़े एंटी-टेरर क्रैकडाउन का हिस्सा है, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस केंद्र शासित प्रदेश से आगे बढ़कर सेंट्रल एजेंसियों की मदद से पंजाब में ऑपरेशन कर रही है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक बार सतर्कता ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश को दहलाने के रचे जा रहे आतंकी षड्यंत्र को विफल बनाते हुए लश्कर-ए-तैयबा के दुर्दांत आतंकी अबु हुरैरा उर्फ अब्दुल्ला के साथ उस्मान उर्फ खुबैब समेत पांच आतंकियों को हिरासत में लिया है।

16 वर्ष से सुरक्षा एजेंसियों को चकमा दे रहा था हुरैरा

हुरैरा लगभग 16 वर्ष से सुरक्षा एजेंसियों को धता बताते हुए न सिर्फ कश्मीर में बल्कि देश के अन्य भागों में भी अपनी गतिविधियां चला रहा था। इस पूरे माड्यूल को पता लगाने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली समेत देश के विभिन्न हिस्सों में 19 जगहों पर छापेमारी करनी पड़ी है।

पकड़े गए आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार व अन्य साजो सामान भी मिला है। अब्दुल्ला और उस्मान के पकड़े गए तीन साथी स्थानीय बताए जा रहे हैं जिनमें मोहम्मद नकीब बट, आदिल रशीद बट और गुलाम मोहम्मद मीर उफ मामा शामिल हैं।

देशभर में आतंकी हमले करने की बना रहे थे साजिश

संबधित सूत्रों ने बताया कि हुरैरा और उस्मान, दोनों कश्मीर समेत देश के विभिन्न भागों में सिलसिलेवार आतंकी हमलों को अंजाम देने का षड्यंत्र रचने के अलावा पाकस्तानी खुफिया एजेंसी आएसआइ के लिए देश के कुछ खास हिस्सों में जासूसी का नेटवर्क तैयार कर रहे थे। हुरैरा को सुरक्षा एजेंसियों ने पहले मरा हुआ मान लिया था, क्योंकि विगत कुछ वर्षाें में उसका कोई फुटप्रिंट नजर नहीं आ रहा था, लेकिन उसका करीबी उस्मान उर्फ खुबैब उर्फ खरगोश घाटी में अपनी गतिविधियां लगातार बढ़ा रहा था।

उसके ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी,लेकिन नहीं मिल रहा था। पुलिस ने इंटरनेट मीडिया और विभिन्न संदिग्ध तत्वों की गतिविधियों की निगरानी शुरु की। खुफिया एजेंसियों से भी मदद ली पता चला कि जिस हुरैरा के बारे में यह सोचा जा रहा है कि वह मारा गया है या फिर पाकिस्तान लौट गया है, वह पंजाब में कहीं है। उस्मान उर्फ खुबैब भी उसके साथ ही है।

एक दर्जन से अधिक संदिग्धों को पकड़ा

इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल एसओजी ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान व दिल्ली में कुछ खास जगहों पर छापेमारी शुरु की और एक दर्जन से ज्यादा संदिग्ध तत्वों को पकड़ा। मलेरकोटला पंजाब में 28 मार्च को दबिश दी गई और उसके बाद नूंह हरियाणा ,राजस्थान और दिल्ली में चिहृनित स्थानों पर तलाशी ली गई।

हालांकि पुलिस ने पुष्टि नहीं की है, लेकिन दावा किया जाता है कि मलेरकोटला से ही अबु हुरैरा और उस्मान को पकड़ा गया है। दोनों ने पूछताछ के दौरान अपने नेटवर्क में शामिल विभिन्न लोगों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने श्रीनगर में लश्कर के तीन स्थानीय आतंकियों के छिपे हाने की भी पुष्टि की।

इन तीनों आतंकियों को भी पकड़ लिया गया। वहीं पुलिस ने इस मामले में एक महिला, जिसका नाम शाज़िया है और श्रीनगर के बटवारा इलाके के रहने वाले खालिद मलिक की भूमिका की भी जांच कर रही है। अब तक मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने हारवन के पास दाचीगाम में एक आतंकी ठिकाने से हथियारों का जखीरा भी बरामद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *