Site icon JK Fact

अमेरिकी राजदूत ने जम्मू-कश्मीर को बताया भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा, अपनी ट्रैवल एडवाइजरी पर पुनर्विचार करेगा अमेरिका, जम्मू-कश्मीर दौरे पर US राजदूत सर्जियो गोर ने दिए संकेत

श्रीनगर। अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर की मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद जम्मू-कश्मीर और अमेरिका के बीच संबंधों को लेकर सकारात्मक संकेत सामने आए हैं।

गोर ने जहां जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा सुधारों की सराहना करते हुए अमेरिकी यात्रा सलाह की समीक्षा के संकेत दिए। वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि आने वाले वर्षों में अमेरिका और जम्मू-कश्मीर के बीच संपर्क एवं सहयोग और अधिक व्यापक तथा गहरा होगा।

अमेरिकी राजदूत ने जम्मू-कश्मीर को बताया भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा

जम्मू-कश्मीर की अपनी पहली यात्रा पर पहुंचे अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने श्रीनगर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद कहा कि नई दिल्ली और जम्मू-कश्मीर की सरकारों ने क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की दिशा में विश्वसनीय कदम उठाए हैं। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए जारी अपनी यात्रा चेतावनी को कम करने की संभावना पर विचार कर सकता है।

गोर ने कहा कि हम इस बात पर विचार करेंगे कि अमेरिका द्वारा जारी की गई यात्रा चेतावनी में कमी की जानी चाहिए या नहीं। उन्होंने कश्मीर को एक खूबसूरत क्षेत्र बताते हुए कहा कि कई अमेरिकी यहां की प्राकृतिक सुंदरता और उपलब्ध अवसरों का अनुभव करना पसंद करेंगे।

अमेरिकी राजदूत ने जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा, ‘यह बेहद खूबसूरत जगह है। यहां आकर और इस जगह को देखकर मैं बेहद उत्साहित हूं।’

सीएम उमर अब्दुल्ला ने बताया क्या-क्या बातचीत हुई

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ अपनी मुलाकात को गोर ने बहुत अच्छी और गर्मजोशीपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बैठक के बाद कुछ मुद्दों पर आगे की बातचीत वाशिंगटन और नई दिल्ली के स्तर पर जारी रहेगी।

वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, ‘बैठक में भारत-अमेरिका संबंधों के साथ-साथ विशेष रूप से इस बात पर चर्चा हुई कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए क्या कर सकता है। उमर ने कहा कि जैसा कि राजदूत गोर ने कहा, यह बहुत अच्छी बैठक रही। हमें दोनों देशों के बीच संबंधों पर चर्चा करने का अवसर मिला, लेकिन विशेष रूप से इस बात पर चर्चा हुई कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए क्या कर सकता है।”

उमर ने कहा कि कुछ विरासत में मिले मुद्दे हैं, जिन्हें समय के साथ सुलझाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बातचीत को आगे बढ़ाने की जरूरत है।

अमेरिका और भारत के रिश्ते होंगे और गहरे: CM उमर अब्दुल्ला

मुख्यमंत्री ने बताया कि आगे की बातचीत अमेरिकी राजदूत और वाशिंगटन के बीच तथा उनके और नई दिल्ली में भारत सरकार के बीच होगी। उन्होंने कहा, ‘हमें पूरी उम्मीद और विश्वास है कि आने वाले वर्षों में संयुक्त राज्य अमेरिका और जम्मू-कश्मीर के बीच संबंध और अधिक व्यापक तथा गहरे होंगे।’

अमेरिकी यात्रा सलाह में संभावित बदलाव को जम्मू-कश्मीर के लिए अहम माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति को लेकर वैश्विक धारणा पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है।

Exit mobile version