Site icon JK Fact

कश्मीर में हरमुख गंगबल यात्रा 2026 की तैयारी तेज, श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता होंगे इंतजाम

श्रीनगर। हरमुख गंगबल यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गांदरबल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त जतिन किशोर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में सड़क संपर्क, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद्य सामग्री, संचार व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों से यात्रा मार्ग और निर्धारित शिविर स्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को यात्रा से पहले ही पूरा करने को कहा।

जतिन किशोर ने यात्रा मार्ग के संवेदनशील और चिन्हित स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों एवं मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित निर्णय लेने की व्यवस्था जरूरी है।

प्लास्टिक कचरे पर भी रहेगी खास नजर

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए डीसी ने मार्ग और शिविरों में पर्याप्त पेयजल, शौचालय तथा सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्लास्टिक कचरे पर नियंत्रण और उत्पन्न कचरे के वैज्ञानिक एवं उचित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। ग्रामीण विकास विभाग को यात्रा से पहले और बाद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा गया।

जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग को डॉक्टरों, मेडिकल टीमों और एंबुलेंस की तैनाती के साथ पर्याप्त दवाइयां, ऑक्सीजन और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। वहीं बिजली विभाग को निर्बाध आपूर्ति तथा संबंधित एजेंसियों को संचार सेवाओं के साथ बैकअप व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।

वन एवं वन्यजीव अधिकारियों को यात्रा के दौरान प्राकृतिक पर्यावरण और पारिस्थितिकी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य आपातकालीन एजेंसियों को बचाव दल व उपकरण तैयार रखने तथा किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए समन्वय बनाए रखने को कहा गया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को चौबीसों घंटे सतर्कता और समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और परेशानी मुक्त यात्रा उपलब्ध कराना है

Exit mobile version