जम्मू विधानसभा में अनुच्छेद-370 और राज्य दर्जे की बहाली की मांग पर हंगामा, स्पीकर ने रद किए सज्जाद लोन के संशोधन प्रस्ताव

जम्मू-कश्मीर विधानसभा के स्पीकर अब्दुल रहीम राथर ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे और राज्य के दर्जे की बहाली संबंधित पीपुल्स कान्फ्रेंस के चेयरमैन सज्जाद गनी लोन द्वारा लाए गए दोनों संशोधन प्रस्ताव रद कर दिए।

पीपुल्स कान्फ्रेंस के चेयरमैन सज्जाद गनी लोन ने उपराज्यपाल के भाषण में जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे और राज्य के दर्जे की बहाली संबंधित कोई उल्लेख न होने पर एतराज जताते हुए धन्यवाद भाषण प्रस्ताव में संशोधन लाने का प्रस्ताव रखा था।

आज प्रश्नकाल के समाप्त होने और राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा से पूर्व सज्जाद गनी लोन ने अनुच्छेद-370 व 35ए, राज्य का दर्जा बहाल करने संंबंधी अपने प्रस्ताव खारिज करने के स्पीकर अब्दुल रहीम राथर के निर्णय पर आपत्ति जताई।

इस पर स्पीकर अब्दुल रहीम राथर ने उन्हें शांत करते हुए बताया कि विधानसभा के नियम उन मुद्दों पर चर्चा की अनुमति नहीं देते जिन पर सदन में पहले ही चर्चा हो चुकी हो। इसलिए अनुच्छेद 370, 35ए और विशेष दर्जे संबंधी संशोधन प्रस्ताव को खारिज किया गया है जबकि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देना प्रदेश विधानसभा के कार्याधिकार क्षेत्र से बाहर है। इसलिए उक्त संशोधन प्रस्ताव भी रद किया गया है।


पीपुल्स कान्फ्रेंस के चेयरमैन सज्जाद गनी लोन ने कहा कि हम राज्य के दर्जे पर कोई कानून बनाने की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि इसे वापस प्राप्त करने की इस सदन की इच्छा और संकल्प को रिकार्ड में लाना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *