
श्रीनगर। दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ टीम पर हमला करने वाले लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को सुरक्षाबलों ने मार गिराया।
बुधवार को मुठभेड़ के दौरान आतंकी जांगलपोरा इलाके की मस्जिद में छिपकर जा बैठा, जिसके बाद जवानों ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया। इस बीच सुरक्षाबलों ने उसे सरेंडर करने का मौका भी दिया। लेकिन उसने इनकार करते हुए जवानों पर फायरिंग जारी रखी।
कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने कहा कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में घिरे आतंकी लतीफ अहमद भट को आत्मसमर्पण करने के लिए बार-बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया और देवसर के जांगलपोरा इलाके में एक मस्जिद के अंदर से सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
वीडियो कॉल पर समझाने का प्रयास
उन्होंने कहा कि लतीफ को हमने आत्मसमर्पण करने के लिए काफी समझाने का प्रयास किया। मैंने खुद उससे वीडियो कॉल पर बात की और काफी देर तक बातचीत की। हमने उसे समझाया कि उसकी जिंदगी अभी बाकी है और वह अभी बहुत युवा है, लेकिन वह हमारी बात मानने को तैयार नहीं हुआ।
एसएसपी इनायत अली ने कहा कि मस्जिद को ध्यान में रखते हुए हमने अधिकतम संयम बनाए रखा है और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन भी किया। ।
उमर निसार पहले ही मारा जा चुका
वहीं, कुलगाम हमले का दूसरा लश्कर आतंकी उमर निसार डार पहली ही सोमवार को एनकाउंटर में मारा जा चुका है। उमर निसार डार ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर 10 नवंबर को कई जगहों पर रेकी कर रहा था। यह रेकी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों पर हमले से पहले की गई थी।
जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा शेयर किए गए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने और उन पर हमले की योजना बनाने के लिए मीर बार, अखरान, हबलिश और किलम में रेकी की थी।
11 नवंबर को उमर निसार डार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर अखरान में सीआरपीएफ के एक नाके पर हमला किया और फिर वहां से भाग गया। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे।
