Site icon JK Fact

दिल्ली कूच अटल है, CM उमर अब्दुल्ला बोले- ‘लोकेशन बदलेगी, इरादा नहीं, हम छिपकर नहीं डंके की चोट पर जाएंगे’

श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि 20 जुलाई को नई दिल्ली कूच का नेशनल कॉन्फ्रेंस का कार्यक्रम अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन का स्थान या स्वरूप परिस्थितियों के अनुसार बदल सकता है, लेकिन दिल्ली जाकर अपनी आवाज बुलंद करने के पार्टी के संकल्प में कोई बदलाव नहीं होगा।

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के तौर-तरीकों में परिवर्तन संभव है, लेकिन दिल्ली जाने का फैसला पूरी तरह अटल है।

उन्होंने कहा, ‘हम यह आंदोलन किसी कोने में छिपकर नहीं करेंगे। हम दिल्ली जाएंगे और वहीं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे।’

दिल्ली कूच कार्यक्रम पर नेकां पूरी दृढ़ता से बढ़ेगा

प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले अन्य राजनीतिक कार्यक्रमों की घोषणाओं को लेकर जब उनसे पूछा गया कि क्या यह आंदोलन को कमजोर करने या उसका ध्यान भटकाने की कोशिश है, तो मुख्यमंत्री ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह इस बहस में नहीं पड़ना चाहते कि यह साजिश है या ध्यान भटकाने की रणनीति।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस अपने दिल्ली कूच के कार्यक्रम पर पूरी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ेगी।

उन्होंने कहा, ‘अगर हमारा उद्देश्य यह कार्यक्रम गुप्त रूप से करना होता, तो हम इसे अपने घर के आंगन में भी कर सकते थे। लेकिन हमारा मकसद पूरे लोकतांत्रिक तरीके से दिल्ली जाकर अपनी बात रखना है। हम हर हाल में दिल्ली जाएंगे, अपनी आवाज बुलंद करेंगे और उसके बाद आंदोलन की आगामी रणनीति तय करेंगे।’

Exit mobile version