Site icon JK Fact

14 साल बाद टूटने की कगार पर रिकॉर्ड, एक करोड़ के पार पहुंचेगी वैष्णो देवी के भक्तों की संख्या

वर्ष 2026 में मां वैष्णो देवी की यात्रा का आंकड़ा एक करोड़ पार करने की दहलीज पर पहुंच गया है। अब तक करीब 87.20 लाख श्रद्धालु मां के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं और वर्ष समाप्त होने में 43 दिन शेष हैं।

अनुकूल मौसम, सामान्य यात्रा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही को देखते हुए इस वर्ष 2012 के बाद पहली बार यात्रा का आंकड़ा एक करोड़ के पार पहुंचने की उम्मीद बढ़ गई है। बुधवार को भी खिली धूप के बीच देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचने और भवन की ओर रवाना होने का सिलसिला जारी रहा।

यात्रा के इस बढ़ते आंकड़े के बीच आधार शिविर कटड़ा में भी रौनक बनी हुई है। मां के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु बाजारों में प्रसाद, माता की चुनरी और अन्य सामान की खरीदारी कर रहे हैं।

इससे स्थानीय कारोबार को भी गति मिल रही है और व्यापारियों में उत्साह है। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं।

2011 में एक करोड़ एक लाख पहुंचा था आंकड़ा

मौसम सामान्य रहने और यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के कारण श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के भवन की ओर बढ़ रहे हैं। दिनभर खिली धूप के बावजूद चलती ठंडी हवाओं से मौसम में ठंडक बनी रही।

रिकॉर्ड पर नजर डालें तो वर्ष 2011 में पहली बार मां वैष्णो देवी की यात्रा का आंकड़ा एक करोड़ एक लाख के पार पहुंचा था। इसके बाद वर्ष 2012 में करीब एक करोड़ चार लाख श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई थी।

इन दोनों वर्षों के बाद यात्रा का आंकड़ा इस रिकॉर्ड को नहीं छू सका। अब 2026 में एक बार फिर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने पुराने रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद जगा दी है।

बता दें कि बुधवार को 17 हजार से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। कटड़ा पहुंचने का सिलसिला भी लगातार जारी था। वहीं 17 नवंबर को कुल 25,200 श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में हाजिरी लगाई।

सभी सुविधाओं का लाभ उठा रहे श्रद्धालु

देश के विभिन्न राज्यों से आधार शिविर पहुंचने वाले श्रद्धालु पंजीकरण करवाने के बाद परिवार और मित्रों के साथ जयकारे लगाते हुए यात्रा शुरू कर रहे हैं। उनकी सुविधा के लिए हेलीकाप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे केबल कार के अलावा घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की व्यवस्था भी उपलब्ध है।

श्रद्धालु अपनी सुविधा और सामर्थ्य के अनुसार इन सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। भवन पहुंचकर बिना अधिक इंतजार के मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

वहीं, काफी संख्या में श्रद्धालु रोपवे केबल कार सहित अन्य साधनों से भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दरबार में भी हाजिरी लगा रहे हैं।

Exit mobile version