
जम्मू। कुलगाम के 23 साल के क्रिकेटर अशकूर बशीर गनी ने कमाल कर दिखाया है। उन्हें भारतीय पैरा क्रिकेट लीग (IPCL) 2026 में 2.75 लाख रुपये की बोली के साथ शामिल किया गया है। उनकी यह सफलता उनके कभी हार ना मानने वाले हौसले और पक्के इरादे की कहानी है। आइए जानते हैं कश्मीर के साधारण लड़के की असाधारण कहानी…
कुलगाम जिले के गडीहामा निवासी बशीर अहमद गनी के पुत्र 23 वर्षीय अशकूर बशीर गनी की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि उनके पैर की पांच सर्जरी हो चुकी हैं, लेकिन बार-बार शारीरिक बाधाओं के बावजूद, वे क्रिकेट के प्रति अपने जुनून के प्रति समर्पित रहे और अपनी कठिनाइयों को अपने खेल के सपनों के आड़े नहीं आने दिया और विपरीत परिस्थितियों में एक योद्धा के रूप में उभरकर सामने आए।
पैर की 5 सर्जरी हुई
अपने सफर को याद करते हुए अशकूर ने कहा, ‘मेरी सफलता का रास्ता आसान नहीं था, लेकिन हर चुनौती ने क्रिकेट के मैदान में वापसी के संकल्प को मैंने और मजबूत किया। मेरा अब तक का यह सफर आसान नहीं रहा। मेरे पैर की पांच सर्जरी हुई हैं, लेकिन हर झटके ने मुझे खेल में वापसी के लिए और भी दृढ़ बना दिया। मैंने कभी भी अपनी मुश्किलों को क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को कम नहीं करने दिया।’
चुनौतियों का सामना कर रहे हर युवाओं को संदेश
अशकूर ने अपने परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों को इस पूरे सफर में साथ देने और अपने खेल के सपनों को पूरा करने के लिए जरूरी प्रोत्साहन देने का श्रेय दिया। उन्होंने जीवन में चुनौतियों का सामना कर रहे युवाओं से सकारात्मक और दृढ़ रहने का आग्रह किया। अशकूर ने चुनौतियों का सामना कर रहे हर युवा से कहा कि आप सभी के लिए मेरा संदेश है कि आप सभी अपना उत्साह बनाए रखें, खुद पर विश्वास रखें और कभी हार न मानें।
उन्होंने कहा कि मुश्किलें आपको धीमा कर सकती हैं लेकिन उन्हें कभी भी अपने सपने का पीछा करने से नहीं रोकना चाहिए। गौरतलब है कि आइपीसीएल के लिए खिलाड़ियों की बोली अभी भी जारी है और तमाम औपचारिकताएं पूरी होने के उपरांत ही आइपीसीएल का पूरा शेड्यूल जारी किया जाएगा।
