जम्मू-कश्मीर में 37 साल बाद बदली तस्वीर, अब कोई स्थानीय आतंकी एक्टिव नहीं; एक साल में 23 का खात्मा

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में करीब 37 वर्षों से जारी आतंकवाद के दौर में 18 नवंबर 2026 की तारीख एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में दर्ज हो गई है।

पहली बार सुरक्षा एजेंसियों की जानकारी में ऐसा कोई स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं है, जो अभी तक उनकी पहुंच से बाहर हो। कुलगाम के जंगलपोरा में लतीफ अहमद बट के मारे जाने के साथ ही घाटी में सक्रिय आखिरी ज्ञात स्थानीय आतंकी का भी अंत हो गया।

करीब डेढ़ माह पहले बड़गाम के यूसमर्ग में पाकिस्तानी आतंकी आसिफ फौजी उर्फ मूसा के मारे जाने के बाद लतीफ का खात्मा इस बदलाव की अहम कड़ी बना है। इस वर्ष अब तक 23 आतंकियों को मार गिराया जा चुका है, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 46 थी।

जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकियों पर एक्शन

अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के भीतर सक्रिय आतंकियों के सफाए और उनके नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान तेज किए गए।

इससे लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा। हालांकि, ये संगठन अपने बिखरे नेटवर्क को दोबारा खड़ा करने की कोशिशों में जुटे रहे।

आतंकियों ने जम्मू संभाग के पहाड़ी क्षेत्रों में अपनी गतिविधियां बढ़ाने के साथ कश्मीर घाटी में फिर से नेटवर्क तैयार करने की साजिश रची। इसके मद्देनजर इस साल फरवरी की शुरुआत में कठुआ के जंगलों से सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया।

इसी क्रम में 22 फरवरी को आपरेशन त्राशी-एक के तहत जैश का आतंकी सैफुल्ला मारा गया। करीब पांच वर्ष पहले पाकिस्तान से घुसपैठ कर आए सैफुल्ला ने कठुआ, ऊधमपुर, डोडा और किश्तवाड़ में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के साथ ओवरग्राउंड वर्करों का नेटवर्क भी तैयार किया था।

दक्षिण कश्मीर में गत आठ जुलाई को शोपियां में लश्कर के स्थानीय आतंकी जाकिर अहमद गनई को मार गिराया गया। वहीं, राजौरी क्षेत्र से सुरक्षा बलों को चकमा देकर घाटी में दाखिल हुए पाकिस्तानी आतंकी यासिर और आसिफ फौजी भी ज्यादा समय तक नहीं टिक सके।

सितंबर के तीसरे सप्ताह में बड़गाम के ऊपरी क्षेत्र अशधार में यासिर मारा गया, जबकि कुछ ही दिनों बाद यूसमर्ग में आसिफ फौजी का भी सफाया कर दिया गया। वह पिछले चार वर्षों से राजौरी-पुंछ से लेकर गुलमर्ग और सोनमर्ग तक आतंकी गतिविधियों में शामिल था।

आतंकी भर्ती पर भी कसा शिकंजा

सुरक्षा बलों ने आतंकियों के सफाए के साथ नई भर्ती रोकने पर भी विशेष ध्यान दिया। पिछले दस महीनों में करीब 30 ओवरग्राउंड वर्करों को हथियारों तथा आतंकी संगठनों के पोस्टर और साहित्य के साथ गिरफ्तार किया गया।

भर्ती के लिए चिह्नित किशोरों की काउंसलिंग भी कराई गई। इसका असर यह रहा कि इस वर्ष घोषित तौर पर केवल एक युवक उमर निसार डार के आतंकी बनने की जानकारी सामने आई, जिसे गत सोमवार को मार गिराया गया। पिछले वर्ष आतंकी बना लतीफ बट भी अब मारा जा चुका है।

जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा मामलों के जानकारों के अनुसार बीते चार दशक के इतिहास में 18 नवंबर 2026 इसलिए खास रहेगा, क्योंकि सुरक्षा एजेंसियों की जानकारी में अब घाटी में कोई स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं है।

इस स्थिति तक पहुंचने में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल के साथ स्थानीय लोगों का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है।

हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों के सामने अब इस उपलब्धि को बनाए रखने, सीमा पार से घुसपैठ रोकने, नई आतंकी भर्ती पर अंकुश लगाने और शांति एवं सुरक्षा के माहौल को स्थायी बनाने की चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *