
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सोमवार को विधानसभा में जोरदार हंगामा हुआ। लगातार नारेबाजी और विरोध के बीच BJP और कांग्रेस के चार विधायकों को सदन से मार्शल आउट कर दिया गया।
हंगामा बढ़ने पर BJP विधायक विक्रम रंधावा और अरविंद गुप्ता तथा कांग्रेस विधायक इरफान हफीज लोन और इफ्तिखार अहमद को सदन से बाहर कर दिया गया। इस दौरान विपक्षी सदस्यों की ओर से लगातार नारेबाजी जारी रही।
स्पीकर ने विधायकों को सख्त चेतावनी दी
सदन में अनुशासन बनाए रखने के लिए स्पीकर ने प्रदर्शन कर रहे विधायकों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने सभी सदस्यों से विधानसभा की कार्यवाही के दौरान अनुशासन और सदन की मर्यादा बनाए रखने का निर्देश दिया।
स्पीकर ने कहा, ‘अनुशासन बनाए रखें, वरना कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।’
ऑटोनॉमी के जिक्र पर BJP का विरोध
हंगामे के दौरान BJP विधायकों ने राज्य का दर्जा बहाल करने संबंधी प्रस्ताव में स्वायत्तता और वर्ष 1953 से पहले की स्थिति के संदर्भों पर आपत्ति जताई। वहीं, कांग्रेस के सदस्यों ने भी सदन में नारेबाजी की और बैनर प्रदर्शित किए।
विरोध और नारेबाजी के कारण विधानसभा की कार्यवाही में बार-बार व्यवधान उत्पन्न हुआ। प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन का माहौल लगातार गर्माया रहा।
