लद्दाख में चुनाव से पहले सियासी हलचल, दिसंबर में मतदान के विरोध में कारगिल बंद; सांसद हाजी हनीफा जान का भी समर्थन

जम्मू। केंद्र शासित लद्दाख में लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी), कारगिल के प्रस्तावित चुनाव दिसंबर में कराने की तैयारी के विरोध में कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (केडीए) ने 10 नवंबर को पूर्ण बंद का आह्वान किया है। विभिन्न राजनीतिक दलों, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के साथ लद्दाख के सांसद हाजी हनीफा जान ने भी बंद का समर्थन किया है। उल्लेखनीय है कि लद्दाख प्रशासन ने 21 अक्टूबर 2026 को एलएएचडीसी करगिल के तत्कालीन मुख्य कार्यकारी पार्षद डा मोहम्मद जाफर अखून की सिफारिश पर एलएएचडीसी,करगिल को भंग कर दिया था।

लद्दाख प्रशासन ने एलएएचडीसी, करगिल के गठन के लिए दिसंबर में चुनाव कराने की योजना बनाई है, जिसका स्थानीय संगठन विरोध कर रहे हैं।

विरोध करने वाले संगठनों का कहना है कि दिसंबर में चुनाव कराना कारगिल की भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए उचित नहीं है। क्षेत्र में कड़ाके की ठंड, भारी बर्फबारी, शून्य से नीचे तापमान और सड़क व परिवहन संपर्क बाधित होने की आशंका रहती है।

इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग सर्दियों में रोजगार और अन्य कारणों से जम्मू, श्रीनगर तथा देश के गर्म क्षेत्रों की ओर पलायन करते हैं। ऐसे में मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है।

लद्दाख में चुनाव टालने की मांग तेज

सज्जाद करगिली ने कहा कि चुनाव कार्यक्रम तय करते समय स्थानीय परिस्थितियों और मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सांसद हाजी हनीफा जान ने भी उपराज्यपाल को पत्र लिखकर चुनाव स्थगित करने, मतदाता सूचियों में सुधार और सभी पक्षों से विचार-विमर्श की मांग की है।

21 सीटों में सात महिलाओं के लिए आरक्षित

इस बार परिषद चुनाव में महिला प्रतिनिधित्व को लेकर भी महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। प्रशासन ने छह नवंबर को लॉटरी के माध्यम से 21 निर्वाचन क्षेत्रों में से सात सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की हैं। यह कुल सीटों का एक-तिहाई यानी लगभग 33 प्रतिशत है। आरक्षण की प्रक्रिया राजनीतिक दलों और विभिन्न गांवों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की गई।

मतदाता सूची और चुनाव कार्यक्रम पर भी सवाल

प्रशासन ने पांच नवंबर को परिसीमन प्रक्रिया पूरी कर 21 निर्वाचन क्षेत्रों को अधिसूचित किया था। अंतिम मतदाता सूची 10 नवंबर को प्रकाशित होनी है। हालांकि, करगिल के नेताओं का कहना है कि मतदाता सूचियों का व्यापक सत्यापन जरूरी है, ताकि सर्दियों में बाहर रहने वाले योग्य मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न हों।

सांसद हाजी हनीफा जान ने विशेष रूप से बुजुर्गों, दूरदराज के गांवों के निवासियों, व्यापारियों और पढ़ाई के लिए बाहर रहने वाले विद्यार्थियों की समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *