Site icon JK Fact

लद्दाख में 52 से सीधे 100 होंगी परिषद सीटें, 8 जिलों के परिसीमन पर सुनवाई आज से शुरू

जम्मू। लद्दाख में स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषदों (एलएएचडीसी) के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। आठ नवगठित परिषदों के लिए जारी परिसीमन के मसौदे पर मिले सुझावों और आपत्तियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला-वार व्यक्तिगत सुनवाई का कार्यक्रम घोषित कर दिया है।

आयोग चार और पांच नवंबर को संबंधित पक्षों की दलीलें सुनेगा। इस सुनवाई के बाद परिसीमन की अंतिम तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

लद्दाख में मौजूदा आठ जिले हैं। इनमें नए जिलों में नुब्रा, शाम, चांगथांग, जंस्कार, द्रास, सांकू शामिल हुए। गत माह प्रशासन ने सभी आठ जिलों में लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषदों के गठन की प्रक्रिया शुरु की और उसके लिए नवगठित छह जिलों के अलावा लेह व कारगिल में भी निर्वाचन क्षेत्रों में परिसीमन जरूरी हो गया है।

सांकू को 13, चांगथांग को 10 सीटें प्रस्तावित

प्रस्तावित परिसीमन में निर्वाचित सीटों की संख्या 52 से बढ़ाकर 100 कर दी गई है। इनमें लेह को 22, कारगिल को 21, सांकू को 13, चांगथांग को 10, नुब्रा, शाम और जांस्कर को नौ-नौ तथा द्रास को सात सीटें प्रस्तावित की गई हैं। वहीं, लद्दाख के राज्य निर्वाचन आयोग ने प्राप्त आपत्तियों और सुझावों की संख्या की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इनकी संख्या करीब छह सौ बताई जा रही है।

लेह, नुब्रा और चांगथांग समेत इन क्षेत्रों की सुनवाई का शेड्यूल जारी

आयोग ने आपत्तियां और सुझाव दर्ज कराने वाले व्यक्तियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा संगठनों को व्यक्तिगत रूप से अपना पक्ष रखने का अवसर देने का फैसला किया है। यह सुनवाई लेह स्थित एलएएचडीसी न्यू कान्फ्रेंस हल में होगी। बुधवार को लेह प्रांत के जिलों के संदर्भ में सुनवाई होगी।

इसी तरह नुब्रा की सुनवाई दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक, चांगथांग की 2:30 से 3:30 बजे तक, शाम की 3:30 से 4:30 बजे तक और लेह की सुनवाई शाम 4:30 से 5:30 बजे तक होगी।

अगले दिन पांच नवंबर को कारगिल क्षेत्र के जिलो की बारी होगी। द्रास की सुनवाई सुबह 10 से 11 बजे तक, कारगिल की 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक, सांकू की दोपहर 12 से एक बजे तक और जंस्कार की दोपहर एक से दो बजे तक निर्धारित की गई है।

Exit mobile version