
जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले चोगलमसर, स्टाकना में विकसित होने जा रहे देश के पहले हाई-एल्टीट्यूड फ्लावर फील्ड्स पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ क्षेत्र के किसानों को बढ़ावा देंगे।
लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने चोगलमसर में उच्च हिमालयी (हाई-एल्टीट्यूड) फ्लावर फील्ड्स परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस मौके पर उनके साथ लद्दाख के मुख्यसचिव आशीष कुंद्रा व संबधित विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
इस महत्वकांक्षी परियोजना के तहत पहली बार लद्दाख के किसानों को वैज्ञानिक तरीके से फूलों की खेती का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बाद में इन फ्लावर फील्ड्स को सहकारी समितियों के माध्यम से व्यावसायिक उपयोग के लिए किसानों को सौंपा जाएगा। इससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
इस मौके पर उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि देश की अपनी तरह की पहली ऐसी परियोजनाएं न केवल किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेंगी, अपितु फूलवानी के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी। इससे लद्दाख के पर्यटन व हरित अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलेगी। उपराज्यपाल ने कहा कि ये परियोजनाएं केवल फूलों की खेती तक सीमित नहीं हैं।
नई पहचान देंगे इको-टूरिज्म व ग्रीन इकोनामी के माडल केंद्र
ये लद्दाख के विकास की एक नई सोच का प्रतीक हैं। इसमें आर्थिक प्रगति, पर्यावरण संरक्षण व पर्यटन विकास को साथ लेकर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ये फ्लावर गार्डन भविष्य में हाई-एल्टीट्यूड फ्लोरीकल्चर, इको-टूरिज्म व ग्रीन इकोनामी के माडल केंद्र के रूप में उभर कर लद्दाख को एक नई पहचान देंगे। यह पहल लद्दाख के युवाओं, किसानों और उद्यमियों के लिए लाभकारी कृषि विकल्प साबित होगी। इससे रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इस अवसर पर लद्दाख कृषि विभाग व सीएसआईआर इंस्टीट्यूट आफ हिमालयन बायोरिसोर्स टेक्नोलाजी के बीच एक सहमति पत्र पर भी हस्ताक्षर किए गए। इस सहमति के तहत परियोजनाओं को वैज्ञानिक व तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसके साथ आधुनिक तकनीकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों व आधारभूत ढांचे के विकास के जरिए लद्दाख में फ्लोरीकल्चर को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
मनोरंजन व शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा पार्क
इसी बीच चोगलामसर में लगभग 92,687 वर्ग मीटर क्षेत्र मेंव स्टाकना स्थित यूनिवर्सिटी आफ लद्दाख के कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विद्यालय में 1.02 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फ्लावर फील्ड्स विकसित किए जाएंगे। चोगलामसर में बनने वाला फ्लावर गार्डन देश के सबसे बड़े संगठित हाई-एल्टीट्यूड फ्लोरीकल्चर पार्कों में से एक होगा। यहां लिलियम, ग्लैडियोलस, ट्यूलिप सहित कई उच्च मूल्य वाले सजावटी फूलों की खेती की जाएगी। इनकी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अच्छी मांग है। यह पार्क स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए मनोरंजन व शैक्षणिक केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा।
स्टाकना फ्लोरीकल्चर परियोजना को रोजगार सृजन व आर्थिक विविधीकरण की पहल के रूप में तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य लद्दाख में वैज्ञानिक फूलों की खेती को बढ़ावा देना व महानगरों सहित देश के विभिन्न बाजारों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले कट फ्लावर्स का उत्पादन करना है।
