‘वन मंत्री अल्ताफ कालू ने स्पष्ट किया है कि अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शेषनाग झील को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जा रहा है। बीआरओ केवल पुराने पैदल मार्ग पर टाइलें बिछा रहा है। 

श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शेषनाग झील के आसपास चल रहे निर्माण कार्य को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जम्मू-कश्मीर के वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण मंत्री अल्ताफ कालू ने स्पष्ट किया है कि शेषनाग झील को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि सीमा सड़क संगठन (BRO) केवल पहले से मौजूद पैदल मार्ग पर टाइलें बिछाने का काम कर रहा है और इसका उद्देश्य अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।

बुधवार को अनंतनाग में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि बीआरओद्वारा किया जा रहा कार्य वर्ष 2023 में हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के दायरे में है।

सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि निर्माण कार्य निर्धारित शर्तों से बाहर न जाए। इसके लिए वन विभाग लगातार गतिविधियों पर नजर रखे हुए है, ताकि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सभी प्रावधानों का पालन हो सके।

‘शेषनाग झील में मिट्टी का एक कण भी नहीं पहुंचा’

वायरल हो रहे वीडियो पर सफाई देते हुए अल्ताफ कालू ने कहा कि वीडियो ऊंचाई से शूट किया गया है, जबकि शेषनाग झील नीचे स्थित है। वीडियो में खुद को दिखाने के लिए इसे इस तरह फिल्माया गया, जिससे ट्रैक और झील के बीच की दूरी कम दिखाई दे रही है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि उस ट्रैक और शेषनाग झील के बीच लगभग 200 से 300 फीट का फासला है। इस दौरान मिट्टी का एक भी कण शेषनाग झील में नहीं गया है। मैं दोहराता हूं कि मिट्टी का एक भी कण झील में नहीं पहुंचा है।

काम सिर्फ स्वीकृत पैदल मार्ग तक ही सीमित रखने का भरोसा

शेषनाग झील की पारिस्थितिकी को नुकसान पहुंचने संबंधी आशंकाओं को खारिज करते हुए कालू ने कहा कि शेषनाग झील को कुछ नहीं हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि काम केवल स्वीकृत पैदल मार्ग तक सीमित रहेगा और 2023 के MOU में निर्धारित पर्यावरणीय सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशील पारिस्थितिकी और प्राकृतिक विरासत का संरक्षण सरकार के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

‘कोई भी मंत्री सुप्रीम कोर्ट से ऊपर नहीं’

इस मुद्दे पर विपक्ष की आलोचनाओं का जवाब देते हुए कालू ने भाजपा और पीडीपी पर राजनीतिक लाभ के लिए मामले को तूल देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को लेकर अनावश्यक विवाद पैदा कर रहा है।

परियोजना को रद्द करने की संभावना से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि पवित्र अमरनाथ गुफा तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग का रखरखाव जरूरी है।

कालू ने कहा कि कोई भी मंत्री सुप्रीम कोर्ट से ऊपर नहीं है। अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 फुट चौड़े मार्ग को बनाए रखना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *