IPL 2026 के बीच मां की शरण में हेड कोच गौतम गंभीर, परिवार के साथ पहुंचे वैष्णो देवी दरबार

कटड़ा। भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच एवं पूर्व सांसद गौतम गंभीर शनिवार को अपने परिवार सहित विश्व प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मां वैष्णो देवी के पवित्र भवन में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश की खुशहाली, शांति और भारतीय क्रिकेट टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की। उनके कटड़ा आगमन की खबर मिलते ही श्रद्धालुओं और क्रिकेट प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार गौतम गंभीर दोपहर में आधार शिविर कटड़ा पहुंचे। इसके बाद वह परिवार के साथ  भवन के लिए रवाना हुए। भवन पर श्रद्धालुओं ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं, वहीं गंभीर ने भी मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

करीब 12:15 बजे भवन पहुंचकर उन्होंने मां वैष्णो देवी के चरणों में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देशवासियों की सुख-समृद्धि तथा भारतीय क्रिकेट टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दर्शन उपरांत मंदिर के पुजारियों ने उन्हें माता रानी की पवित्र चुनरी और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।

केबल कार से पहुंचे भैरव घाटी

दर्शन के बाद गौतम गंभीर परिवार सहित केबल कार के माध्यम से भैरव घाटी पहुंचे और वहां स्थित भैरव नाथ मंदिर में बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। धार्मिक परंपरा के अनुसार भक्त मां वैष्णो देवी के दर्शन के बाद भैरवनाथ मंदिर में मत्था टेककर यात्रा पूर्ण करते हैं।

उनकी यात्रा के दौरान कटड़ा और भवन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी। ताकि आम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के बीच भी श्रद्धालुओं में उन्हें देखने और मिलने का उत्साह साफ दिखाई दिया।

कटड़ा में पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में गौतम गंभीर ने कहा कि “मां वैष्णो देवी का बुलावा आया था, परिवार के साथ हाजिरी लगाने आया हूं। माता रानी की कृपा देशवासियों पर बनी रहे।” क्रिकेट से जुड़े सवालों पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *