
कठुआ। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में हिरासत में लिए गए ट्रक चालक और सह चालक के बाद अब उनके एक और साथी को भी दबोच लिया गया है।
कठुआ का रहने वाला युवक जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग के लखनपुर में यात्रियों को भल्ले बेचने का काम करता है। जांच में सामने आया है कि पहले से हिरासत में लिए गए कठुआ के बरनोटी के रहने वाले 19 वर्षीय चालक और 25 वर्षीय सह चालक हनीट्रैप के जरिए ही पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के जाल में फंसकर जासूसी कर रहे थे।
जम्मू के अखनूर का निवासी है युवक
हनीट्रैप करने वाली महिला ने इन दोनों को खुद को जम्मू के अखनूर की निवासी बताया था। हनीट्रैप करने वाली महिला जिला में प्रतिबंधित वीपीएन के माध्यम से वाट्सएप काल कर चालक व सहचालक से बात करने लगी, लेकिन कभी भी अपना चेहरा नहीं दिखाती थी।
इसके बावजूद दोनों उसके प्यार के जाल में फंसते गए और उसके लिए जम्मू-कश्मीर, प्रदेश के बाहरी राज्यों आदि में सेना, बीएसएफ, पुलिस समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियों के कैंपों, प्रतिष्ठानों, जरूरी रूट और मूवमेंट की जानकारी लेकर पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के मोबाइल फोन पर भेजते रहे। जांच करने पर सुरक्षा एजेंसियों को पता चला कि हनीट्रैप के जाल में लखनपुर में भल्ले बेचने वाला एक अन्य युवक भी फंसा हुआ है।
वह पहले से हिरासत में लिए गए ट्रक चालक और सह चालक का साथी है। भल्ले बेचने वाला यह युवक कठुआ शहर का रहने वाला है, जिसे पूछताछ के लिए जांच एजेंसियों ने हिरासत में लिया है। युवक का मोबाइल फोन जांच के लिए चंडीगढ़ में एफएसएल लैब में भेज दिया गया है। इस मामले में कई और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
दो लोगों की पहले हो चुकी गिरफ्तारी
बता दें कि इसके पहले कठुआ के कोर पुन्नु का रहने वाला अमन भी गिरफ्तार हो चुका है, जो हनीट्रैप में फंसकर अपने घर के बाहर सीसीटीवी लगाकर सुरक्षा एजेंसियों की मूवमेंट की जानकारियां पाकिस्तान भेजता था।
