Headlines

‘स्पीकर साहब इस्तीफा दें, कुर्सी छोड़ें’, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बीजेपी का प्रचंड हंगामा

जम्मू। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में सोमवार को उस समय हंगामा हो गया, जब बीजेपी विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बीजेपी विधायक “स्पीकर साहब इस्तीफा दें, अपनी कुर्सी छोड़ें” के नारे लगाते हुए सुनाई दिए।

यह पूरा मामला ग्रेटर ऑटोनॉमी (अधिक स्वायत्तता) से जुड़े प्रस्ताव को लेकर शुरू हुआ। बीजेपी विधायक आर.एस. पठानिया ने सदन में बताया कि उनकी पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर को पद से हटाने के लिए नोटिस दिया है। उन्होंने सदन में यह नोटिस भी रखा।

पठानिया पर तंज

पठानिया ने कहा कि अगर ग्रेटर ऑटोनॉमी से जुड़ा प्रस्ताव पारित होता है, तो ऐसी स्थिति में विधानसभा अध्यक्ष के पद पर राथर के बने रहने की पात्रता पर सवाल उठेगा।

इस पर विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने कहा कि सदन में फिलहाल किसी विधेयक पर नहीं, बल्कि एक प्रस्ताव (Resolution) पर चर्चा हो रही है और पहले उस पर चर्चा की जाएगी।

बीजेपी और सत्तापक्ष के बीच टकराव

अध्यक्ष ने पठानिया से कहा, “आप बहुत अच्छे वकील हैं, लेकिन आपको नियमों की जानकारी नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि यह दुखद है कि पठानिया कानूनी स्थिति को सही तरीके से नहीं समझ पा रहे हैं।

इस घटनाक्रम के बीच बीजेपी और सत्तापक्ष के बीच विधानसभा की कार्यवाही और प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक मतभेद खुलकर सामने आए। बीजेपी की ओर से दिए गए नोटिस में अब्दुल रहीम राथर के विधानसभा अध्यक्ष पद पर बने रहने पर कार्रवाई की मांग की गई है।

इस नोटिस पर आगे की प्रक्रिया विधानसभा के नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होगी।

भाजपा विधायक वैल में ही धरने पर बैठ गए

श्याम लाल शर्मा ने कहा कि यह हमारी अपनी असेंबली है और अब हमारे सदस्य अपनी बात रखेंगे शक्ति राज परिहार उठे और उन्होंने बोलना शुरू किया। वहीं भाजपा सदस्यों ने वेल में ही अपनी समानांतर विधानसभा की कार्रवाई चलाने का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *