
श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के पूर्व सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि जब उन्होंने जम्मू-कश्मीर की जनता से किए गए राजनीतिक वादों को पूरा करने की मांग उठाई तो पार्टी ने सुधार करने के बजाय उनसे इस्तीफा मांगना शुरू कर दिया। श्रीनगर बीरवाह में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि पार्टी के साथ उनके मतभेदों की असली वजह अगस्त 2019 के बाद जनता से किए गए वादों को पूरा करने में उसकी नाकामी है।
रुहुल्लाह ने कहा कि उनका उद्देश्य पार्टी के भीतर किसी तरह का विवाद खड़ा करना नहीं था, बल्कि वह चाहते थे कि नेतृत्व अपनी राजनीतिक रणनीति में बदलाव करे और जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए गंभीर प्रयास करे।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व उनकी बातों पर सुधारात्मक कदम उठाने को तैयार नहीं था। उन्होंने बार-बार राजनीतिक रुख में बदलाव और जवाबदेही की जरूरत बताई, लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान देने के बजाय इस्तीफे का दबाव बनाया गया।
2019 के बाद लगातार संघर्ष की जरूरत पर दिया जोर
पूर्व सांसद ने कहा कि अगस्त 2019 के घटनाक्रम के बाद जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करना जरूरी था। उनका मानना था कि जिस जिम्मेदारी के साथ जनता ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को मौका दिया था, पार्टी को उस पर खरा उतरना चाहिए था। उन्होंने पार्टी नेतृत्व की आलोचना पर पलटवार करने से भी परहेज किया।
उनका कहना था कि वह आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में नहीं पड़ना चाहते। जनता खुद जवाब देगी और समय बताएगा कि किसने अपनी जिम्मेदारी निभाई।
समान विचारधारा वाले लोगों के संपर्क में रुहुल्लाह
अपने भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर रुहुल्लाह ने संकेत दिया कि वह समान विचारधारा वाले लोगों के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध लोगों को एक साथ लाने और आगे का रास्ता तलाशने के लिए बातचीत चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस दिशा में तस्वीर और स्पष्ट होगी।
रुहुल्लाह ने यह भी स्पष्ट किया कि राजनीतिक अधिकारों की लड़ाई किसी एक पार्टी तक सीमित नहीं है। किसी एक राजनीतिक संगठन को जनता से मिला अवसर खत्म होने का मतलब यह नहीं कि व्यापक राजनीतिक संघर्ष भी रुक जाए।
अमेरिका-इजरायल संघर्ष के वैश्विक असर पर भी बोले
अंतरराष्ट्रीय हालात पर टिप्पणी करते हुए रुहुल्लाह ने अमेरिका और इजरायल से जुड़े संघर्षों के आर्थिक प्रभावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे टकरावों का असर केवल संबंधित क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि भारत सहित दुनिया की अर्थव्यवस्थाएं भी प्रभावित होती हैं। मुद्रा विनिमय में उतार-चढ़ाव, वस्तुओं की कीमतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर इसका असर पड़ता है।
विदेशों में बदलते राजनीतिक माहौल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोग उन सरकारों और राजनीतिक ताकतों को नकार रहे हैं जिन्हें वे अहंकारी और जनभावनाओं की अनदेखी करने वाला मानते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता की आकांक्षाओं की उपेक्षा करने वाले नेतृत्व को भी जवाबदेही का सामना करना पड़ेगा।
आपको बता दें कि रुहुल्लाह ने 3 नवंबर को लोकसभा और नेशनल कॉन्फ्रेंस दोनों से इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही पार्टी के साथ उनका 24 साल पुराना राजनीतिक संबंध समाप्त हो गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी उनका सांसद पद से दिया गया इस्तीफा उसी तारीख से स्वीकार कर लिया।
