छात्रों के लिए खुशखबरी! जम्मू यूनिवर्सिटी में BPES, ITEP समेत 10+ नए कोर्स शुरू

जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय ने छात्रों के लिए नए शैक्षणिक अवसरों के दरवाजे खोल दिए हैं। कुलपति प्रो. उमेश राय की अध्यक्षता में बुधवार को हुई 123वीं सिंडिकेट बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करते हुए कई अहम कोर्स शुरू करने और बदलावों को मंजूरी दी गई।

सिंडिकेट ने साल 2026-27 से कठुआ कैंपस में चार वर्षीय BBA और BCA कार्यक्रम शुरू करने को हरी झंडी दे दी है। इसके अलावा UIET, कठुआ परिसर में 2026-27 से B.Tech इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग कोर्स भी शुरू होगा।

शिक्षा और खेल क्षेत्र में नए कोर्स

  • शिक्षा विभाग में NCTE की अनुमति के अनुसार इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (ITEP) शुरू होगा।
  • खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय में 50 सीटों के साथ चार वर्षीय BPES कोर्स शुरू किया जाएगा।

लाइब्रेरी साइंस कोर्स में बड़ा बदलाव

सिंडिकेट ने दो वर्षीय इंटीग्रेटेड मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस कार्यक्रम शुरू करने का फैसला लिया है। साथ ही पुराने एक वर्षीय B.Lib.I.Sc. और M.Lib.I.Sc. पाठ्यक्रमों को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा।

M.Tech का नाम बदला, नई फैकल्टी का गठन

  • कंप्यूटर साइंस विभाग में चल रहे M.Tech कंप्यूटर साइंस कोर्स का नाम बदलकर M.Tech इन कंप्यूटर साइंस (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा साइंस विशेषज्ञता) कर दिया गया है।
  • पृथक फैकल्टी ऑफ अर्थ साइंसेज के गठन को मंजूरी दी गई, जिसमें भूविज्ञान, भूगोल और रिमोट सेंसिंग एवं GIS विभाग शामिल होंगे।
  • फैकल्टी ऑफ ट्रांस-डिसिप्लिनरी स्टडीज के गठन को भी स्वीकृति मिली।

PG प्रोग्राम और अन्य अहम फैसले

  • वर्ष 2025-26 से NEP 2020 के तहत एक वर्षीय और दो वर्षीय स्नातकोत्तर (PG) कार्यक्रमों के नए नियमों को मंजूरी दी गई।
  • वर्ष 2026-27 से चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के संशोधित नियमों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
  • पुंछ कैंपस में राजनीतिक विज्ञान और समाजशास्त्र के स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू होंगे।
  • सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन में ट्रांसलेशन सेल स्थापित होगा। भद्रवाह परिसर की तर्ज पर इसी सेंटर के माध्यम से B.Com कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा।
  • UGC के 2022 के ट्विनिंग, ज्वाइंट डिग्री और ड्यूल डिग्री कार्यक्रमों संबंधी नियमों को अपनाने की स्वीकृति दी गई।
  • डिजाइन योर डिग्री चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के संशोधित नियमों को भी मंजूरी मिली।

कॉलेजों से जुड़े फैसले

  • सरकारी डिग्री कालेज सुरनकोट को स्थायी मान्यता प्रदान की गई।
  • स्थायी रूप से संबद्ध सरकारी महाविद्यालयों के समय-समय पर निरीक्षण के लिए पैनल गठित करने का अनुमोदन किया गया।
  • सरकारी B.Sc नर्सिंग कालेज गंग्याल का सरकारी नर्सिंग कालेज गांधी नगर जम्मू में विलय होगा। इसका नया नाम सरकारी B.Sc नर्सिंग कॉलेज, जम्मू होगा।
  • वीसी द्वारा महिला कालेज परेड, डोगरा डिग्री कालेज तथा श्री कृष्ण चंद्र सरकारी डिग्री कालेज को UGC नियमों के अनुसार स्वायत्त दर्जा प्रदान करने के लिए अधिकृत किए जाने की कार्रवाई का अनुमोदन किया गया।

वीसी ने जताया भरोसा, दी बधाई

बैठक की शुरुआत में वीसी प्रो. उमेश राय ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि ये निर्णय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करेंगे और विद्यार्थियों-शिक्षकों के लिए नए अवसर लाएंगे। उन्होंने सिंडिकेट सदस्य प्रो. राजीव रतन को सिंधु केंद्रीय विश्वविद्यालय का प्रथम वीसी नियुक्त होने पर बधाई दी और इसे जम्मू विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *