
जम्मू। रक्षा मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने शनिवार को जम्मू में आयोजित भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। पंजतीर्थी स्थित रेडियो स्टेशन चौक से शुरू हुई पदयात्रा परेड ग्राउंड में संपन्न हुई, जहां आयोजित जनसभा में उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष की राजनीतिक रणनीति, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए जा रहे सवालों तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर जारी बहस पर अपना पक्ष रखा।
रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी को सीधी सी बात समझ में नहीं आ रही है और बार बार आरोप लगा रहे हैं। देश संविधान से चलता है। किसी की फीलिंग से नहीं। आपको कल फीलिंग आ गई कि आप अमेरिका के राष्ट्रपति बन जाएंगे। तो आपके फीलिंग आ गई, आपके अंदर तो क्या आप अमेरिका के राष्ट्रपति बन जाएंगे? और साथियों कांग्रेस और उनके साथी बस किसी तरह नरेंद्र मोदी जी को पद से हटाकर वो सत्ता हासिल करना चाहते हैं। इसी हड़बड़ाहट और छटपटाहट में ये लोग देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
‘मोदी को कुछ भी विरासत में नहीं मिला’
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के नेता यह भूल गए हैं। उनके और उनके ज्यादातर साथियों की तरह मोदी जी को कुछ भी विरासत में नहीं मिला है। मोदी जी को प्रधानमंत्री किसी ने बनाया है तो हिंदुस्तान की आप जैसी जनता ने बनाया है। अगर उसे वापस भी कोई ले सकता है तो केवल भारत की जनता ही। आपने सुना होगा हमारे प्रधानमंत्री मोदी कई बार यह कह चुके हैं कि वे तो फकीर आदमी हैं, जब जनता कहेगी तो अपना झोला उठाकर वह चल देंगे। बताइए ऐसे व्यक्ति को आप सत्ता से हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उल्टे आरोप उनके ऊपर चस्पा करने की कोशिश कर रहे हैं।
‘मोदी जी कहीं नहीं जाने वाले’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग ध्यान से सुन लें कि मोदी जी कहीं नहीं जाने वाले हैं। मैं इस मंच से कह रहा हूँ। सारे देश के कांग्रेस के मित्रों से कहना चाहता हूं कि मोदी जी कहीं नहीं जाने वाले हैं। हाँ, इतना मैं जरूर कहूँगा, कांग्रेस को अपना बोरिया बिस्तर समेटने का समय आ गया है। जाना है तो कांग्रेस को जाना है, मोदी जी को नहीं जाना है।
370 पर क्या बोले राजनाथ सिंह?
उन्होंने आगे कहा, ‘कांग्रेस ने भारत की राजनीति में देश का बहुत ही नुकसान किया है। अंतरराष्ट्रीय जगत में इन्होंने भारत की प्रतिष्ठा को भी गिराया है। और मैं कह सकता हूं इसकी शुरुआत आजादी हासिल होने के बाद तुरंत हो गई थी। देश की आजादी हासिल करने के बाद उन्होंने कई गलत फैसले किए हैं। और उन फैसलों में से मैं सारे फैसलों की चर्चा नहीं करना चाहता। उन फैसलों में से एक फैसला था आर्टिकल 370।’
‘हमारे कथनी और करनी में अंतर नहीं’
आर्टिकल 370 लगातार पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के समय से, डॉ. साहब के समय से हम लोग यह कहते चले आ रहे हैं, जिस दिन भारतीय जनता पार्टी को भारत की संसद में क्लियर मेजॉरिटी मिल जाएगी, धारा 370 को हम चुटकी बजाकर समाप्त करेंगे और आपने देखा। हमने जो कहा था करके दिखा दिया है। हमारे कथनी और करनी में अंतर नहीं है। यहाँ पर पोस्टेड जो आईएएस और आईपीएस अधिकारी थे। जब तबादले की बात आती थी तो उनसे पूछा जाता था, क्या आप भारत जा रहे हैं? तब यह संदेश देने की कोशिश की जाती थी कि जम्मू और कश्मीर यह भारत का हिस्सा नहीं है।
उन्होंने कहा कि हमारे नेता आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने इंसानियत, जम्हूरियत और कश्मीरियत पर बल दिया था। पर कश्मीर में कई दशकों तक बराबर इंसानियत या आतंकवाद से हारती रही है। हम लोगों ने संकल्प लिया था आतंकवाद का सफाया करके दम लेंगे बहनो भाइयों। और मैं कह सकता हूँ काफी हद तक आतंकवाद का इस जम्मू कश्मीर की धरती से सफाया करने में हम लोगों ने कामयाबी हासिल की है।
जम्मू का कार्यक्रम भी अहम कड़ी
इस कार्यक्रम का राजनीतिक महत्व इसलिए भी है कि भाजपा ने 22 अक्टूबर को देशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू किया था। पार्टी इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती तथा कांग्रेस और उसके सहयोगियों के कथित दुष्प्रचार के विरुद्ध जनजागरण अभियान बता रही है। जम्मू का कार्यक्रम इसी राष्ट्रीय अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी था।
