Headlines

जम्मू-कश्मीर में 20 साल से फरार पूर्व आतंकी गिरफ्तार, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे; SPO हत्या समेत 13 केस में वांटेड था

 जम्मू। रियासी जिला पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो दशक से अधिक समय से फरार चल रहे एक भगोड़े को गिरफ्तार किया है। आत्मसमर्पण कर चुका यह पूर्व आतंकी कई आतंकी मामलों में वांछित था। इनमें एक की हत्या का मामला भी शामिल है।

आरोपी की पहचान मोहम्मद मंशा के रूप में हुई है। वह फजल दीन का बेटा है और रियासी जिले की तहसील थुरू के थुरू लसोली गांव का रहने वाला है।

मोहम्मद मंशा पुलिस स्टेशन महोर में दर्ज वर्ष 2000 के एक मामले में वांछित था। इस मामले में हत्या, हत्या के प्रयास, देश के खिलाफ साजिश ( धाराओं 302, 307 और 121-A)और अवैध हथियार रखने की धाराएं लगाई गई थीं। इस घटना में जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक एसपीओ बलिदान हो गया था।

दो दशक से अधिक समय से पुलिस को थी तलाश

जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया। रियासी के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने 6 दिसंबर 2001 को उसकी गिरफ्तारी के लिए वारंट भी जारी किया था।

2007 में सुरक्षा बलों के सामने किया था आत्मसमर्पण

मोहम्मद मंशा 2000-2007 के दौरान एक सक्रिय आतंकवादी था और उसने 2007 में सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। हालांकि, आत्मसमर्पण करने के बावजूद, वह कानूनी प्रक्रिया से बचता रहा और कानून की पकड़ से दूर रहा।

वह 2000 से 2007 के बीच दर्ज 13 आपराधिक मामलों में वांछित था। इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, आपराधिक साजिश, सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ना और आर्म्स एक्ट का उल्लंघन जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

त्राल में अवंतीपोरा पुलिस की मदद से दबोचा गया आरोपी

लगातार कोशिशों और पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस स्टेशन महोर और जिला भगोड़ा ट्रैकिंग यूनिट की एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम को अवंतीपोरा जिले के त्राल इलाके में भेजा गया। टीम ने अवंतीपोरा पुलिस की मदद से आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *