Headlines

जम्मू में रोहिंग्या बस्ती पर बड़ा एक्शन, नरवाल में सुबह-सुबह कई झुग्गियां ध्वस्त; अब बाकी इलाकों पर नजर

जम्मू। शहर के अवैध रूप से बसे रोहिंग्याओं पर एक ओर प्रहार इस बार वन विभाग ने किया। जम्मू के नरवाल क्षेत्र के रहीम नगर में शनिवार को वन भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जे के खिलाफ वन विभाग और वन सुरक्षा बल (एफपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की ।शनिवार सुबह करीब सात बजे शुरू किए गए इस अभियान के दौरान वन भूमि पर बनी रोहिंग्याओं की छह झुग्गियों को वन विभाग ने ध्वस्त कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार, इन झुग्गियों में रोहिंग्या परिवार रह रहे थे। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

अस्थायी ढांचे हटाने शुरू

जम्मू के डीएफओ अनुराग आर्य, डीएफओ असीम, वन सुरक्षा बल जम्मू के सहायक निदेशक अतुल गुप्ता तथा सहायक निदेशक नंद लाल की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया। टीम ने रहीम नगर नरवाल स्थित वन भूमि का निरीक्षण करने के बाद वहां बनाए गए अस्थायी ढांचों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।

अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य वन भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराना है। मौके पर मौजूद टीम ने झुग्गियों को हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान स्थिति सामान्य बनी रही और पुलिस की मौजूदगी में यह अभियान शांतिपूर्वक तरीके से चलती रही।

रहीम नगर के बाद अन्य क्षेत्रों पर नजर

गौरतलब है कि जम्मू के विभिन्न हिस्सों में वन भूमि और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों को लेकर समय-समय पर प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई की जाती रही है। रहीम नगर में हुई इस कार्रवाई को भी वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के साथ शहर में अवैध रूप से बसे रोहिंग्याओं को हटाने के अभियान के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं विभाग के अधिकारियों को कहना है कि अतिक्रमण के खिलाफ उनका अभियान जारी है। आने वाले दिनों में बाकी क्षेत्रों में भी इस तरह की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *