
श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ़्ती ने गुरुवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) के उस पार गुलाम जम्मू कश्मीर (PoJK) के हालात पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए शांतिपूर्ण आंदोलनकारियों पर बलप्रयोग की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से गुलाम जम्मू कश्मीर में बल प्रयोग बंद करने और आंदोलनकारियों से बातचीत कर सभी विवादों का समाधान करने पर जोर दिया है।
उन्होंने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर अपने एक पोस्ट में गुलाम जम्मू कश्मीर के हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए लिखा है कि कश्मीर के दूसरे हिस्से से सामने आ रही तस्वीरें और वीडियो ‘बेहद पीड़ादायक’ हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ जिस तरह का बल प्रयोग किया जा रहा है, उसे देखकर गहरा दुख होता है।
हक़ मिलना चाहिए, दमन नहीं
महबूबा मुफ़्ती ने पाकिस्तान सरकार से अधिक मानवीय रवैया अपनाने तथा बल के बजाय संवाद का मार्ग चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राप्त रिपोर्टों से स्पष्ट होता है कि प्रदर्शनकारियों की मांगें वास्तविक हैं और उन्हें गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘कोई भी देश नागरिकों को अधिकारों से वंचित कर या बंदूक के बल पर उनकी आवाज़ दबाकर मजबूत नहीं बन सकता।’ उन्होेने कहा कि ‘कश्मीरियों को इज़्ज़त, इंसाफ़ और अपनी बात कहने का हक़ मिलना चाहिए, दमन नहीं।’
