पहले मंत्री पद नहीं मिला, अब महासचिव पद से हटाए गए मुबारक गुल; NC में खुली बगावत पर फारूक अब्दुल्ला का बड़ा एक्शन

जम्मू। नेशनल कान्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने मंत्री न बनाए जाने से नाराज पूर्व स्पीकर मुबारक गुल के पर कुतरते हुए उन्हें पार्टी महासचिव पद से हटा दिया है। बिजली मंत्री अली मोहम्मद सागर को अगले आदेश तक महासचिव का कार्यभार संभालने को कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि मुबारक गुल को गत मंगलवार को उस समय महासचिव बनाया गया था जब मंत्री पद न मिलने पर उन्होंने सार्वजनिक तौर पर अपनी नाराजगी व्यक्त की थी। उन्हें महासचिव बनाए जाने से पहले अली मोहम्मद सागर ही पार्टी महासचिव थे।

समर्थक महासचिव पद और पार्टी छोड़ने का बना रहे दबाव

पार्टी द्वारा महासचिव बनाए जाने के कुछ समय बाद ही मुबारक गुल ने कहा था कि उनके समर्थक उन पर पार्टी महासचिव पद और पार्टी छोड़ने का दवाब बना रहे हैं।

उन्होंने इस विषय में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है जो भी फैसला लेंगे वह चार नवंबर को उसका एलान करेंगे।

21 विधायकों की बैठक के बाद पार्टी नेतृत्व ने लिया फैसला

नेशनल कान्फ्रेंस नेतृत्व ने गुल को हटाने की कार्रवाई विधायक कैसर जमशेद लोन के घर 21 विधायकों के बीच हुई बैठक के बाद की है। कहा जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व का मानना है कि तीन नवंबर को अगर आगा सैयद रुहुल्ला की रैली के बाद मुबारक गुल स्वयं पार्टी महासचिव का पद छोड़ने का एलान करते तो पार्टी को नुक्सान हो सकता था।

उन्हें पहले ही इस जिम्मेदारी से मुक्त कर यह संदेश दिया गया है कि आप चाहें तो घर बैठें या अलग रास्ता पकड़े,अन्यथा पार्टी अनुशासन का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *