Headlines

कश्मीर में तौबा के बाद भी नहीं थमा वंदे मातरम विवाद, उलेमा से दोबारा कलमा पढ़ने की मांग

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में वक्फ दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम’ बजाए जाने और इस दौरान कुछ मुस्लिम धर्मगुरुओं के खड़े होने का मामला अब धार्मिक विवाद का रूप ले चुका है। समारोह में शामिल हुए कुछ प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरुओं द्वारा बुधवार को तौबा (पश्चाताप) करते हुए वीडियो जारी किए जाने के बावजूद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ धर्मगुरुओं ने उनकी धार्मिक निष्ठा और ईमान पर सवाल उठाते हुए दोबारा कलमा पढ़कर इस्लाम के प्रति अपने विश्वास की पुष्टि करने की मांग की है। यहां तक कि उनके निकाह की वैधता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

दरअसल, 23 नवंबर को श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड का पहला वक्फ दिवस समारोह आयोजित हुआ। अध्यक्ष दरख्शां अंद्राबी के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, सांसद मियां अल्ताफ लारवी और शिया धर्मगुरु इमरान रजा अंसारी समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।

समारोह में पूरा ‘वंदे मातरम’ बजाया गया, जिस दौरान मंच पर मौजूद मुस्लिम धर्मगुरुओं सहित सभागार में बैठे लोग खड़े हुए। इसके बाद धार्मिक संगठनों ने विरोध जताया।

कुछ धर्मगुरुओं ने वीडियो जारी कर जताया पछतावा

समारोह में शामिल कुछ धर्मगुरुओं ने बुधवार को वीडियो जारी कर अपने कृत्य पर पश्चाताप जताया और तौबा की नमाज अदा की। माना जा रहा है कि धार्मिक संगठनों और समुदाय के एक वर्ग की नाराजगी के बीच उन्होंने यह कदम उठाया। लेकिन विरोध कर रहे कुछ धर्मगुरु इसे पर्याप्त नहीं मान रहे हैं।

‘वंदे मातरम बजा तो मैं बैठा रहा’

मौलाना मुफ्ती सैयद बशारत रिजवी बरकती ने कहा कि मैं भी इस कार्यक्रम में गया था, लेकिन जब पहली बार वंदे मातरम बजाया गया तो मैं बैठा रहा और जब मुख्यातिथि के आने पर इसे जब दोबारा बजाया गया तो मैं उठकर चला गया। वहां कई अन्य मौलाना वहां मौजूद रहे, खड़े हुए। वंदे मारतम इस्लाम के मुताबिक सही नहीं है। इसलिए जो उलेमा वंदे मातरम में शामिल हुए उन्हें अपने ईमान और इस्लाम के प्रति निष्ठा की दोबारा पुष्टि करनी चाहिए।

‘ऐसे उलेमा को दोबारा कलमा पढ़ना चाहिए’

उत्तरी कश्मीर के प्रमुख इस्लामिक धर्मगुरू मीरवाइज हसन फिरदौसी ने कहा कि जो उलेमा वहां वंदे मातरम में शामिल हुए हैं, उन्होंने इस्लाम के मुताबिक सही आचरण नहीं िकया है। एेसे उलेमा को कलमा दोबारा पढ़ना चाहिए, उन्होंने उनके निकाह की वैधता पर उठे सवाल का जवाब स्वयं देने के बजाय मुफ्ती सैयद बशारत रिजवी का हवाला दिया।

‘ईमान से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेना चाहिए’

इस्लामिक विद्वान माैलाना रहमतुल्ला कासमी ने कहा कि मैंने दरख्शां अंद्राबी को पहले भी समझाया कि वह ईमान के मसले पर पूरी गंभीरता से पालन करें। बेहतर हाेता कि वह वहां जन गण मन पढ़ने को कहा जाता है। लेकिन आपने एेसा नहीं किया और वहां कुछ उलेमा ने वंदे मातरम में भाग लिया, जिन्होंने इस्लाम की मर्यादा को नुक्सान पहुंचाया है। मुझे खुशी है कि कुछ उलेमा ने बाद में इस पर तौबा भी की। 

देश से प्रेम और उसकी पूजा करने में अंतर बताया

विभिन्न इस्लामी विचारधाराओं के धार्मिक संगठनों के साझा मंच मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा (एमएमयू) ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन ने इसे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक मान्यताओं और भावनाओं के खिलाफ बताया। एमएमयू के अनुसार, इस्लाम का मूल सिद्धांत तौहीद यानी अल्लाह की पूर्ण एकता है। इस्लाम देश से प्रेम, उसकी रक्षा और वफादारी की शिक्षा देता है, लेकिन देश से प्रेम और उसकी पूजा में अंतर है।

संगठन का कहना है कि मातृभूमि को दैवीय स्वरूप देकर उसकी वंदना करना इस्लामी मान्यताओं के अनुरूप नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *