जम्मू-कश्मीर के इकलौते AAP विधायक मेहराज मलिक हिरासत में, डोडा कोर्ट में पेशी; पुराने केस में क्यों आया नया मोड़

जम्मू। आम आदमी पार्टी (आप) की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष व डोडा विधायक मेहराज मलिक को मंगलवार को डोडा पुलिस ने हिरासत में लिया और बाद में उन्हें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (जीजेएम) की अदालत में पेश किया गया। यह कार्रवाई एक लंबित आपराधिक मामले में अदालत द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि मेहराज मलिक को किसी नए मामले में गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें केवल अदालत द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट की तामील के लिए हिरासत में लिया गया था। इसके बाद उन्हें अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां मामले की सुनवाई आगे बढ़ी।

सुनवाई के दौरान अदालत ने पुराने मामले में विधायक मेहराज मलिक के खिलाफ आरोप तय कर दिए। इसके साथ ही मामले में आगे की ट्रायल प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। अब मुकदमे की अगली कार्रवाई कानून के अनुसार आगे बढ़ेगी।

बड़ी संख्या में समर्थक अदालत के बाहर मौजूद रहे

मेहराज मलिक की अदालत में पेशी के दौरान डोडा कोर्ट परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। बड़ी संख्या में उनके समर्थक और स्थानीय लोग भी अदालत परिसर के बाहर मौजूद रहे।

अप्रैल में PSA हिरासत से मिली थी बड़ी राहत

गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में मेहराज मलिक को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली थी। हाई कोर्ट ने उनके खिलाफ पब्लिक सेफ्टी एक्ट के तहत की गई निवारक हिरासत को रद करते हुए इसे गैरकानूनी करार दिया था।

विधानसभा चुनाव में डोडा विधानसभा सीट से जीते

मलिक ने 2024 के जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में डोडा विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी। उनकी जीत आम आदमी पार्टी के लिए भी ऐतिहासिक रही, क्योंकि इसके साथ ही पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में पहली बार विधानसभा सीट जीती। इस जीत के बाद मलिक प्रमुख राजनीतिक चेहरों में शामिल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *