पांच दिन में 32 लोगों की मौत, जम्मू-कश्मीर में बारिश ने बरपाया कहर

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में बारिश का सिलसिला जारी। मूसलाधार बारिश के कारण घाटी के कई हिस्सों में झेलम खतरे के निशान के ऊपर बह रही थी।

इससे बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। वहीं, तवी, चिनाब, संगम, लिद्दर सहित अन्य नदी-नाले भी खतरे के निशान के पास या खतरे के ऊपर बह रहे हैं। कश्मीर के पंपोर में वीरवार की रात करीब 11 बजे झेलम 5.03 मीटर पर खतरे के निशान के ऊपर बह रही थी।

बारिश के बाद नदियां उफान पर

यहां बाढ़ की चेतावनी 4.5 मीटर पर दी जाती है, जबकि 5.0 मीटर पर खतरा है। इसी तरह रात नौ बजे राम मुंशी बाग में झेलम का जलस्तर बाढ़ की घोषणा वाले निशान से ऊपर चला गया।

यहां झेलम का जलस्तर 18.04 फीट था, जो 18 फीट के बाढ़ घोषणा स्तर से अधिक था। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में संगम में रात नौ बजे झेलम का जलस्तर 20.24 फीट था, जबकि बाढ़ की घोषणा का निशान 21 फीट है।

कश्मीर के बारामुला जिले में सुबह बादल फटने से अचानक आई बाढ़ से कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। इस बीच दोपहर बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को आंशिक तौर पर एकतरफा खोलकर रास्ते में फंसे हल्के वाहनों को निकाला गया।

हाईवे सहित 24 से ज्यादा सड़कें बंद

लेकिन रात को ऊधमपुर के देवाल समरोली के पास दोबारा भारी भूस्खलन होने से हाईवे को बंद कर दिया गया। सड़क के कटाव के कारण दो दर्जन से अधिक अंतर-जिला सड़कें बंद पड़ी हैं।

शाम को तवी नदी में अधिकतम जलस्तर नौ फीट तक रहा। कठुआ में सेवा व रावी नदी का जलस्तर बढ़ने की चेतावनी दी गई है। वहीं, खराब मौसम को देखते हुए कश्मीर विश्वविद्यालय ने 24 और 25 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

लगातार हो रही भारी बारिश, बाढ़ व भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सोनमर्ग विकास प्राधिकरण ने थजीवास पर्यटन क्षेत्र को अगले दो दिन के लिए बंद कर दिया है। अरु घाटी और बेताव घाटी की यात्रा भी फिलहाल टालने की सलाह दी गई है।

बारिश से 32 लोगों की मौत

पिछले पांच दिन में बारिश और बाढ़ के कारण 32 लोगों की मौत हो चुकी है। सुरनकोट में फजलाबाद फुटब्रिज के पास तलाशी अभियान के दौरान 25 वर्षीय खालिदा कौसर पत्नी यासिर इकबाल निवासी मुराह गांव का शव मिला। वह गत 18 जुलाई की रात इलाके में आई बाढ़ में बहकर लापता थी।

पुंछ और राजौरी में लापता सात लोगों की तलाश भी तेज की गई है। श्री अमरनाथ, वैष्णो देवी, शिवखोड़ी सहित अन्य प्रमुख धार्मिक यात्राएं स्थगित हैं। 6,000 से ज्यादा तीर्थयात्री जम्मू, कठुआ, सांबा, ऊधमपुर, रामबन और बनिहाल व अन्य जगहों पर रुके हुए हैं। शुक्रवार भी कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *