शाही जीवन जीने के लिए अब्दुल्ला परिवार को चाहिए राज्य का दर्जा, सुनील शर्मा बोले- ‘इन्हें लोगों से लेना-देना नहीं’

 जम्मू। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने कहा है कि अब्दुल्ला परिवार को जम्मू कश्मीर में शाही जीवन बिताने के लिए राज्य दर्जा चाहिए। इस परिवार को लोगों से कुछ भी लेना देना नही है।

पिछले कई दिनों से उमर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारियों को तेजी देने के लिए श्रीनगर में डेरा डालने वाले सुनील शर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की राज्य के दर्जे की मांग उनके निजी हितों से प्रेरित है। श्रीनगर में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करना हमेशा से भाजपा के एजेंडे का हिस्सा रहा है।

नेशनल कांफ्रेंस का इससे कुछ लेना देना नही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगस्त 2019 के संवैधानिक बदलावों के बाद अब्दुल्ला परिवार की शाही जीवनशैली प्रभावित हुई है। परिवार को इसकी आदत नही है। यही कारण है कि उमर अब्दुल्ला राज्य का दर्जा बहाल कराने की मांग कर रहे हैं।

बुनियादी सुविधाओं से जुड़े वादे पूरे नहीं

सुनील शर्मा ने कहा कि भाजपा ने जनता से राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा किया है व उचित समय आने पर इसे पूरा किया जाएगा। यह वादा किसी राजनीतिक परिवार के लिए नहीं, अपितु जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कांफ्रेंस अपनी प्रशासनिक विफलताओं व चुनावी वादों को पूरा न कर पाने से ध्यान हटाने के लिए राज्य के दर्जे का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने कहा कि 2024 विधानसभा चुनाव से पहले किए गए बिजली, पानी, सड़क व अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े वादे पूरे नहीं हुए हैं। उमर सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।

कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद के पूरी तरह समाप्त होने व सुरक्षा स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक कानून-व्यवस्था का नियंत्रण केंद्र सरकार के पास ही रहना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के नियंत्रण में स्थानीय आतंकवादियों की भर्ती व नागरिक को निशाना बनाए जाने की घटनाओं में कमी आई है। भाजपा नेता ने दोहराया कि राज्य का दर्जा बहाल करना भाजपा की प्रतिबद्धता है। लेकिन इसका निर्णय राष्ट्रीय हित व सुरक्षा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उचित समय पर ही लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *