पुलिस सलाम करे इसलिए चाहिए स्टेटहुड, CM उमर अब्दुल्ला पर बागी सांसद आगा सैयद रुहुल्ला का बड़ा हमला

श्रीनगर। नेशनल कान्फ्रेंस के बागी सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी ने बुधवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर भाजपा के एजेंडे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को केवल राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) बहाल कराने के लिए नहीं, बल्कि पांच अगस्त 2019 से पहले की संवैधानिक स्थिति और अधिकारों की बहाली के लिए जनादेश दिया है।

अनंतनाग में पत्रकारों से बातचीत के दौरान रुहुल्ला ने मुख्यमंत्री पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि आपको स्टेटहुड इसलिए चाहिए ताकि पुलिस महानिदेशक आकर आपको सलाम करे और पुलिस आपका हुक्म माने। जनता ने हमें सत्ता नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक अधिकार वापस दिलाने के लिए चुना है।

उन्होंने कहा कि संसद से लेकर सड़कों तक उन्होंने हमेशा जम्मू-कश्मीर के संवैधानिक अधिकारों और सुरक्षा की बहाली की मांग उठाई है और उनके रुख में कभी कोई बदलाव नहीं आया। उनका कहना था कि चुनाव के दौरान भी उन्होंने यही वादा किया था और आज भी उसी पर कायम हैं।

जनता के अधिकारों से ज्यादा अपनी सत्ता की चिंता 

रुहुल्ला ने आरोप लगाया कि उमर अब्दुल्ला ने चुनाव में 2019 में छीने गए अधिकार वापस दिलाने का वादा किया था, लेकिन अब उनका पूरा राजनीतिक एजेंडा केवल स्टेटहुड तक सीमित हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को जनता के अधिकारों से ज्यादा अपनी सत्ता की चिंता है।

बागी सांसद ने कहा कि स्टेटहुड भाजपा के घोषित रोडमैप का हिस्सा है, जबकि अनुच्छेद 370 के तहत मिली संवैधानिक गारंटियों और सुरक्षा की बहाली जम्मू-कश्मीर की जनता का असली एजेंडा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र पहले ही राज्य का दर्जा बहाल करने की बात कह चुका है, तो नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अपनी पूरी राजनीतिक लड़ाई को सिर्फ इसी मुद्दे तक क्यों सीमित कर दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर स्टेटहुड भाजपा का एजेंडा है, तो भाजपा का असली एजेंट कौन है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *