
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले से बुधवार को एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सुरक्षा बलों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। जिले के तांत्रेपोरा-सुरसनू के घने बाग वाले इलाके में चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस बरामदगी के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक इस पूरे ऑपरेशन की कहानी शुरू हुई एक सटीक खुफिया सूचना से। जम्मू-कश्मीर पुलिस को अपने सोर्स से जानकारी मिली थी कि तांत्रेपोरा-सुरसनू के बाग वाले क्षेत्र में कुछ संदिग्ध सामग्री छिपाई गई है। इस इनपुट को बेहद गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक ज्वाइंट ऑपरेशन प्लान तैयार किया गया।
इस सूचना के आधार पर कुलगाम पुलिस, भारतीय सेना की 34 राष्ट्रीय राइफल्स (34 RR) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 18वीं बटालियन ने मिलकर इलाके को घेरने की रणनीति बनाई।
बाग के चप्पे-चप्पे में चला सर्च ऑपरेशन
बुधवार सुबह से ही सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने तांत्रेपोरा-सुरसनू के बाग क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। बाग की आड़ में छिपाए गए हथियारों को ढूंढना आसान नहीं था, लेकिन जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर एक-एक जगह को बारीकी से खंगाला।
कई घंटों तक चले इस सघन सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार जवानों को वह कामयाबी मिली जिसका इंतजार था। बाग के अंदर एक जगह से हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने आने वाले दिनों में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए इस जखीरे को यहां छिपा कर रखा था।
जखीरा जब्त, जांच शुरू
सुरक्षा बलों ने बरामद किए गए सभी हथियारों और गोला-बारूद को तुरंत अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। बरामद हथियारों में दो पिस्तौल, दो राइफल, 7 ग्रेनेड आदि शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि, ‘बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है।’
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह जखीरा किस आतंकी संगठन का है और इसे यहां किसने छिपाया था। इस बरामदगी के बाद दक्षिण कश्मीर में सक्रिय आतंकियों के नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
