Headlines

50 की उम्र में गजब का जुनून! जम्मू के कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल ने 23 दिन में फतह कीं 20 चोटियां, बनाया विश्व रिकॉर्ड

जम्मू। जब किसी पर्वतारोही का किसी एक 6,000 मीटर ऊंची चोटी पर पहुंचना भी एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है, तब जम्मू के सांबा ज़िले के बेटे कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल ने मात्र 23 दिनों में 6,000 मीटर से ऊंची 20 चोटियों पर पहली बार आरोहण दर्ज कराकर पर्वतारोहण के क्षेत्र में एक और विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है।

कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल के नेतृत्व में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स (निमास), दिरांग, अरुणाचल प्रदेश की टीम ने लद्दाख में यह ऐतिहासिक फर्स्ट एसेंट माउंटेनियरिंग एक्सपीडिशन सफलतापूर्वक पूरा किया। अभियान के दौरान 20 अरोहित चोटियों पर 20 प्रथम रिकॉर्डेड समिट दर्ज किए गए।

सांबा जिले के गांव बढ़ोरी के रहने वाले कर्नल जम्वाल ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि यह उनके 23 वर्षों से अधिक के पर्वतारोहण अनुभव और 80 से अधिक अभियानों के बाद आई है।

कर्नल जम्वाल के नाम दो विश्व रिकॉर्ड

कर्नल जम्वाल माउंट एवरेस्ट पर तीन बार चढ़ने वाले एकमात्र भारतीय, सेवन समिट्स पूरा करने वाले भारतीय तथा भारत के सभी 28 राज्यों की सर्वोच्च चोटियों पर आरोहण करने वाले पर्वतारोही हैं। उनके नाम दो विश्व रिकॉर्ड, दो एशियाई रिकॉर्ड और चार भारतीय रिकॉर्ड सहित अनेक राष्ट्रीय सम्मान दर्ज हैं।

50 वर्ष की आयु में भी उनका लगातार कठिन पर्वतारोहण अभियानों का नेतृत्व करना यह संदेश देता है कि उम्र नहीं, बल्कि निरंतरता, सहनशक्ति, मेहनत, जुनून और दृढ़ता ही असाधारण उपलब्धियों की असली पहचान है।

तीन वर्षों में लगातार तीसरा विश्व रिकॉर्ड 

उनके नेतृत्व में निमास ने पिछले तीन वर्षों में लगातार तीसरा विश्व रिकॉर्ड हासिल किया है। यह उपलब्धि अरुणाचल प्रदेश स्थित इस संस्थान को भारत के अग्रणी साहसिक खेल एवं पर्वतारोहण संस्थानों में स्थापित करती है।

दिरांग, पश्चिम कामेंग जिले, अरुणाचल प्रदेश में स्थित निमास, रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत भारत सरकार का एक प्रमुख संस्थान है। यह देश का एकमात्र ऐसा संस्थान है जो भूमि, वायु और जल आधारित साहसिक खेलों में व्यापक प्रशिक्षण एवं अभियान संचालित करता है। पर्वतारोहण, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग, माउंटेन बाइकिंग, पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, व्हाइट-वॉटर राफ्टिंग, कयाकिंग और स्कूबा डाइविंग इसके प्रमुख क्षेत्र हैं।

जम्मू से विश्व की सर्वोच्च चोटियों तक और अरुणाचल प्रदेश से लद्दाख के ऊंचे पर्वतों तक, कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल की यात्रा युवाओं को फिटनेस, अनुशासन, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प के साथ उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *