Headlines

जम्मू वालों के लिए जरूरी खबर, 23 सितंबर को महाराजा हरि सिंह की जयंती पर महारैली; 10:30 बजे निकलेगी, देखें पूरा रूट

जम्मू : युवा राजपूत सभा-जम्मू कश्मीर की ओर से महाराजा हरि सिंह जी की 131वीं जयंती के अवसर पर 23 सितंबर को महारैली का आयोजन किया जा रहा है। सभा ने जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जम्मू-कश्मीर के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

सभा ने कहा कि यह आयोजन डोगरा विरासत, संस्कृति और इतिहास के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है। सभा अध्यक्ष मनदीप सिंह रिम्पी ने कार्यक्रमों की जानकारी दी।

तवी पुल पर गूंजेगी डोगरा संस्कृति की आवाज

मनदीप सिंह रिम्पी ने बताया कि 22 सितंबर को रात आठ बजे से लगभग एक बजे तक महाराजा तवी पुल पर स्थापित महाराजा हरि सिंह जी की प्रतिमा के पास डोगरा संस्कृति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें डोगरा संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं की प्रस्तुति होगी।

कार्यक्रम में राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना, प्रसिद्ध पंजाबी कलाकार राही राणा और प्रमुख राजपूत व्यक्तित्व उपेंद्र राणा सहित अन्य कलाकार एवं अतिथि शामिल होंगे। जम्मू के कलाकार डोगरा समुदाय की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को दर्शाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

23 सितंबर को महारैली

सभा ने बताया कि 23 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से महाराजा हरि सिंह जयंती महारैली निकाली जाएगी। यह रैली पिछले 14 वर्षों से आयोजित की जा रही परंपरा का हिस्सा है।

रैली एमडी रिजार्ट्स केरन बनतलाब से शुरू होकर रूपनगर, पलौड़ा, जानीपुर, न्यू प्लाट, अंबफला, पंजतीर्थी, सीपीयू चौक, कच्ची छावनी, परेड, शालामार, इंदिरा चौक, गुम्मट और डोगरा चौक से होते हुए मुख्य तवी पुल स्थित महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा पर पहुंचेगी।

महाराजा हरि सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। सभा ने राजपूत समुदाय के साथ-साथ समूचे डोगरा समुदाय और जम्मू-कश्मीर के लोगों से रैली में शामिल होकर इसे एकजुटता के साथ मनाने की अपील की।

प्रशासन से सहयोग की अपील

सभा के सदस्यों ने रैली और कार्यक्रमों की अनुमति देने के लिए सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की।

सभा ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन उचित प्रबंध करे ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *